रायगढ़-शहर के पटेलपाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार फ्लाई ऐश डंप ट्रेलर ने काम से लौट रहे दंपत्ति को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
शाम 6 बजे हुआ हादसा
यह दुर्घटना 18 दिसंबर की शाम करीब 6:00 बजे की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान सेवती महंत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सेवती अपने पति के साथ पटेलपाली से काम समाप्त कर घर लौट रही थी, तभी अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
पति घायल, इलाज जारी
हादसे में सेवती महंत की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं उनके पति को गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का आक्रोश, चक्काजाम
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने मौके पर ही चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस मौके पर, समझाइश जारी
सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
