रायगढ़ /घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत डॉक्टर कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। नकाबपोश चोरों ने बंद पड़े दो मकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए और हजारों रुपए का नकद व कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
चोरी की यह घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में नकाबपोश चोरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
दो परिवार बने चोरी के शिकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती गीता साहू पति रोहित साहू के मकान से लगभग 46 हजार रुपए नकद व सामान की चोरी हुई है। वहीं भानु प्रकाश कुर्रे के घर से करीब 28 हजार रुपए का सामान चोरों ने उड़ा लिया।
घर लौटने पर दिखा टूटा ताला, मचा हड़कंप
जब दोनों परिवार अपने-अपने घर लौटे तो टूटे ताले और बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पीड़ितों ने तत्काल घरघोड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी, पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश जारी है। हालांकि इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
लगातार चोरी से बढ़ी चिंता और आक्रोश
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजस्व विभाग की कॉलोनी में इसी तरह ताले तोड़कर चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसमें अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। कुछ दिनों के भीतर दूसरी सरकारी कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आने से पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
