स्कूल-घरों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब: 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

जिले के थाना चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्र में लगातार हो रही स्कूल और घरों की चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1,03,200 मूल्य पीका चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला भोजपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है, जहां अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर कंप्यूटर प्रोजेक्टर, दो सीलिंग फैन और बीएसएनएल वाई-फाई राउटर सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया था।

दूसरी घटना बेलदारपारा चांपा में सामने आई, जहां एक सूने मकान का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, पीतल-कांसे के बर्तन, साड़ी, घड़ी, आयरन और नगदी रकम पार कर दी गई। इसी तरह भोजपुर स्कूल परिसर के संकुल केंद्र से भी एलईडी टीवी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कूलर मोटर चोरी की गई थी।

मामलों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के सामान को बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर यश मिरी, अभिषेक मिरी, नितेश कुर्रे और आशीष धीवर को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 एलईडी टीवी, कांसा बर्तन, वाई-फाई राउटर, प्रोजेक्टर, बैटरी और टुल्लू पंप सहित कुल ₹1,03,200 का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी सहित चांपा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post