ANP NEWS LIVE रायगढ़। वाहन रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले लंबे समय से फरार आरोपी को पुलिस ने ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जगदलपुर से पकड़कर रायगढ़ लाया गया, जहां उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोइरदादर कृष्ण वाटिका निवासी राकेश कुमार नागवानी ने वर्ष 2025 में थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। राकेश वाहन खरीदी-बिक्री का कार्य करता है। उसने वर्ष 2021 में विभिन्न फाइनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थीं। इन पुराने वाहनों का आरटीओ में पंजीयन कराने के लिए जगदलपुर लालबाग निवासी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने खुद को आरटीओ एजेंट बताकर संपर्क किया।
आरोपियों ने वाहन रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर अलग-अलग समय में राकेश नागवानी से 6 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। बाद में कुछ वाहनों के दस्तावेज भी दिए गए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन राकेश के नाम पर दर्ज ही नहीं किए गए थे, बल्कि अन्य लोगों के नाम पर पंजीकृत थे।
जब पीड़ित ने आरटीओ कार्यालय में जानकारी निकाली तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले की जांच डीएसपी स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से रकम लेकर धोखाधड़ी करना सामने आया। इसके बाद 29 जुलाई 2025 को थाना चक्रधरनगर में आरोपी अजय कुमार पिल्लई के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
रकम लौटाने के नाम पर दिए फर्जी चेक
जांच के दौरान पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। इनमें से एक चेक बैंक में बाउंस हो गया, जबकि दूसरे चेक में गलत जानकारी दी गई थी। इससे यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी शुरू से ही धोखाधड़ी की नीयत से काम कर रहा था।
मामले में आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और लोकेशन ट्रेस कर टीम को जगदलपुर रवाना किया, जहां दबिश देकर आरोपी अजय कुमार पिल्लई को हिरासत में लिया गया। आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया है।
