वाटर वर्क्स रोड व जीरो माइल पर युवक से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

वाटर वर्क्स रोड व जीरो माइल पर युवक से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़।

वाटर वर्क्स रोड एवं जीरो माइल क्षेत्र में युवकों के साथ मारपीट करने के दो अलग-अलग मामलों में प्रतापगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी अरनोद चंद्रशेखर पालीवाल के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 4 जनवरी 2026 को प्रार्थी मेहबूब हुसैन, निवासी वाटर वर्क्स प्रतापगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच जब उसका बेटा सड़क किनारे खड़ा था, तभी कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने न केवल उसके बेटे के साथ गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रतापगढ़ में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसी प्रकार एक अन्य मामले में प्रार्थी संजय लवाना, निवासी टांडा, थाना धामोर ने रिपोर्ट दी कि 4 जनवरी 2026 को जीरो माइल चौराहे पर रुपयों के लेन-देन को लेकर उसके साथ और उसके साथी के साथ मारपीट की गई। आरोपियों द्वारा बीच सड़क पर हमला कर भय का माहौल पैदा किया गया।

दोनों मामलों में अलग-अलग टीमों का गठन कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शादाब खान, साहिल खान, तारीफ खान एवं दुशांत उर्फ किशोर शामिल हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Post