ज्येष्ठ अमावस्या के पावन अवसर पर पूरे कोरबा जिले में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ शनि जयंती महोत्सव मनाया गया। शहर का वातावरण “जय शनिदेव” के जयकारों से गूंज उठा और मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्टेशन रोड सीतामढ़ी स्थित प्राचीन सिद्ध श्री शनिदेव मंदिर में विशेष रूप से भव्य आयोजन किया गया। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान शनिदेव का विशेष पूजन, तेलाभिषेक और महाआरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने काला तिल, सरसों का तेल, उड़द और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में आयोजित विशाल महाभंडारे में साधु-संतों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति और सेवाभावी युवाओं द्वारा भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे दिन मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
शनि जयंती के अवसर पर केवल मंदिरों में ही नहीं, बल्कि जिले के घर-घर में भी भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना की गई। कई स्थानों पर सुंदरकांड, भजन-कीर्तन और दीपदान कार्यक्रम आयोजित कर भक्तों ने श्रद्धा भाव से भाग लिया।
धार्मिक आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति के संगम का पर्व बताया। पूरे जिले में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
