रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें महिला पत्रकार गायत्री सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दुर्घटना शुक्रवार को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब वे सड़क पार कर रही थीं। तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद गायत्री सिंह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके पास रखा मोबाइल फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तत्काल मदद के लिए संपर्क करना मुश्किल हो गया। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मानवता दिखाते हुए घायल पत्रकार को तुरंत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति अस्पताल के कैजुअल्टी ट्रॉमा यूनिट पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार गायत्री सिंह की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और स्थिति को देखते हुए सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। कुछ मामलों में अंपुटेशन की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
हादसे के बाद फरार हुआ ट्रक चालक
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रक चालक फरार हो चुका था। पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज गति और चालक की लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आंखों देखी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गायत्री सिंह सामान्य रूप से सड़क पार कर रही थीं, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पत्रकार संगठनों में रोष, सुरक्षा की मांग
इस दर्दनाक घटना को लेकर पत्रकार संगठनों और परिजनों में गहरी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। संगठनों ने महिला पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं और राजधानी में यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय संदिग्ध ट्रक या वाहन को देखा हो, तो तत्काल तेलीबांधा थाने को सूचना दें, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल घायल महिला पत्रकार का इलाज जारी है और वे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
