जिला प्रशासन ने लगभग एक करोड़ का धान पकड़ा

रायगढ़- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में कुल 30 प्रकरणों में 3,266 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले की अंतर्राज्यीय एवं आंतरिक सीमाओं पर स्थापित सभी चेक पोस्टों पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी पालीवार लगाई गई है तथा अनुविभागीय स्तर पर विशेष निगरानी दल सक्रिय रूप से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण एवं परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना, तहसील कार्यालय या चेक पोस्ट पर सूचित करें।

प्रशासन का मानना है कि नागरिकों की सहभागिता से धान खरीदी व्यवस्था और भी पारदर्शी एवं मजबूत होगी।

जिले की सीमाओं पर लगाए गए चेक पोस्टों के कारण अवैध धान परिवहन पर काफी हद तक रोक लगी है और आने वाले दिनों में इस अभियान को और अधिक सख्ती से जारी रखा जाएगा।

Related Post