रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बांसजोर में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। इलाज के लिए पैसे मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में पति ने अपनी पत्नी के सिर पर हथौड़ी से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 जून की सुबह ग्राम बांसजोर निवासी श्यामलाल मंझवार (24 वर्ष) और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई के बीच इलाज के लिए पैसों की व्यवस्था को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मेहतरीन बाई ने डंडे से अपने पति की पीठ पर वार कर दिया। इससे नाराज होकर श्यामलाल ने घर में रखी हथौड़ी उठाई और पत्नी के सिर पर लगातार कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल मेहतरीन बाई को परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। तीन दिनों तक चले उपचार के बाद 20 जून की शाम महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई। चक्रधर नगर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर प्रकरण की डायरी आगे की कार्रवाई के लिए धरमजयगढ़ थाना भेजी गई। जांच के दौरान मृतिका के माता-पिता, सास, स्थानीय पार्षद तथा अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत सिर पर हथौड़ी से किए गए हमले के कारण हुई थी।
हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी श्यामलाल मंझवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
