कोंडागांव, 12 मई 2026। धनोरा पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के ग्राम भाटगांव में छापेमारी कर 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल ₹2350 नगद बरामद किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भाटगांव के खेत में कुछ लोग ताश के 52 पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले, जबकि 6 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जुआ के खिलाफ क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विजय पारेश्वर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
