कोंडागांव, 27 जून 2025: जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र में गौमांस खाने के इरादे से एक गाय की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तोरन्ड निवासी प्रार्थी नारायण माली ने बड़ेडोंगर थाने में एक लिखित आवेदन देकर बताया कि नीलगिरी प्लांटेशन में गांव के श्यामलाल नेताम और अन्य लोगों द्वारा एक गाय को मारकर खाने के लिए तैयारियाँ की जा रही हैं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव वाय अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में बड़ेडोंगर थाने की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इस टीम ने ग्राम तोरन्ड में छापा मारा और मौके से ही माखन लाल नेताम, तुलसीराम सलाम नेताम, निबुलाल नेताम, श्याम लाल नेताम, मनहेर नेताम और सुनहेर नेताम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक टंगिया और लोहे का कटारी जब्त किया गया है, जिनका उपयोग गाय को मारने में किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बड़ेडोंगर थाना में अपराध क्रमांक 06/2025 धारा- 325 भादवि, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण संशोधन अधिनियम 2011 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी विनोद नेताम, सउनि शिवप्रसाद लकड़ा, प्र.आर. 271 महाराणा प्रताप भूआर्य, आर. 362 मन्नू लाल नवरंग, आर. 412 सुकमन नेताम, आर. 632 यशवंत मरकाम, और आर. 317 शिवन्ती नेताम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पशु क्रूरता के खिलाफ एक सख्त संदेश गया है।
