Anp News Live, Janjgir- Champa जिले के थाना चांपा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी में नशीली कफ सिरप का अवैध कारोबार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तालाब किनारे कोरेक्स सिरप बेचने की सूचना पर चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में मादक कफ सिरप, नगदी और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को 11 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सिवनी मंडल तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से कोरेक्स सिरप बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना चांपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ काला बैग लेकर खड़ा मिला।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू दिवाकर (35 वर्ष) निवासी बालपुर, थाना चांपा बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 25 नग मादक कफ सिरप/कोरेक्स सिरप बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5,075 रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BM 5855 और 950 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 222/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, विरेश सिंह, श्याम राठौर एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
