गैंदाटोला में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला गरमाया, कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ से शिकायत

 

7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो हाईकोर्ट तक जाएगी लड़ाई, बाजार चबूतरा, पंचायत भूमि व शासकीय भवन पर कब्जे का आरोप

छुरिया। ग्राम गैंदाटोला में शासकीय एवं पंचायत भूमि, सामुदायिक बाजार के चबूतरे तथा शासकीय भवन पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है। सामाजिक कार्यकर्ता अनिश सोनी ने कलेक्टर राजनांदगांव एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Uploaded Image

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम गैंदाटोला में कुछ लोगों द्वारा बिना किसी वैध अधिकार के शासकीय एवं पंचायत भूमि पर कब्जा कर निर्माण किया गया है। साथ ही सामुदायिक बाजार के लिए निर्मित चबूतरे तथा शासकीय भवन के हिस्से पर भी कथित रूप से अवैध कब्जा कर निजी उपयोग किया जा रहा है।

आवेदन में कहा गया है कि इन कब्जों के कारण बाजार क्षेत्र का सार्वजनिक स्थान लगातार कम होता जा रहा है। बस स्टैंड के लिए पूर्व से निर्धारित सार्वजनिक स्थान भी प्रभावित हो गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

अनिश सोनी ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि मामले से संबंधित फोटो, वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के रूप में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी तहसीलदार छुरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगांव को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से हस्तक्षेप की मांग की गई है।

शिकायत में छत्तीसगढ़ भूमि राजस्व संहिता, 1959 की धारा 248 के तहत अवैध कब्जा हटाने, दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा जांच में शासकीय भूमि पर जानबूझकर कब्जा पाए जाने की स्थिति में भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की भी मांग की गई है।

अनिश सोनी ने आवेदन में सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं होने पर संभागायुक्त, उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने तथा न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी भी दी है।

Related Post