CAF जवान ने पारिवारिक विवाद में दो लोगों को गोली से उतारा मौत के घाट, कोरबा में फैली सनसनी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित कोरबा प्रवास से ठीक पहले जिले में एक बड़ी वारदात ने सबको दहला दिया। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम महुआडीह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी सर्विस रायफल से गोली चलाकर दो लोगों की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आरोपी जवान शेषराम बिंझवार, जिसकी पोस्टिंग मढ़वारानी स्थित तेरहवीं बटालियन में थी, का अपने ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर वह रविवार सुबह महुआडीह स्थित अपने ससुराल पहुंचा।

 

19 वर्षीय युवती और 35 वर्षीय राजेश की मौत

 

गवाहों के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले अपने चाचा ससुर की बेटी 19 वर्षीय मंदासा पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर किए। युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

गोली की आवाज सुनकर परिजन घरों में छिपने लगे, लेकिन इसी बीच उसका सामना 35 वर्षीय राजेश बिंझवार से हो गया। आरोपी जवान ने उन पर भी रायफल से फायरिंग की, जिससे उनकी भी मौके पर मौत हो गई।

 पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रण पाया। आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

इस डबल मर्डर की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। खास बात यह है कि घटना उसी दिन हुई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने मंत्रिमंडल के साथ कोरबा प्रवास पर आए हुए हैं और मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक ले रहे हैं।

Related Post