थाना तखतपुर क्षेत्र में सूने मकान में घुसकर चोरी करने वाले आरोपियों को तखतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि प्रार्थी आशुतोष सिंह, निवासी वार्ड क्रमांक 01 तखतपुर ने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 दिसंबर 2025 को वह सुबह लगभग 10 बजे अपने घर में ताला लगाकर बिलासपुर गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी से एक जोड़ी सोने के टॉप्स एवं नगद 7,000 रुपये चोरी कर लिए।
रिपोर्ट के आधार पर थाना तखतपुर में धारा 331(2), 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से खुला मामला
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन परीक्षण किया तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध राम खिलावन धुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी संतोष यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। शेष रकम खर्च हो जाने तथा चोरी किए गए सोने के टॉप्स को नकली समझकर नदी में फेंकने की जानकारी आरोपियों द्वारा दी गई।
