थाना हथुनिया एवं डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में 2 किलो 227 ग्राम एमडी मादक पदार्थ जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
"ऑपरेशन चक्रव्यूह" के तहत बड़ी सफलता, बरामद एमडी की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ गजेन्द्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थाना हथुनिया पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एमडी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त एमडी की अनुमानित कीमत लगभग पांच करोड़ रुपए आंकी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बागलिया से बरोठा रोड पर नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबरी अपाचे मोटरसाइकिल बागलिया की तरफ से आती दिखाई दी। चालक द्वारा पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में चालक ने अपना नाम अकबर पिता डेरान खान पठान (उम्र 40 वर्ष), निवासी कोटड़ी थाना कोटड़ी जिला प्रतापगढ़ बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे बैग में से कुल 2 किलो 227 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ।
पूछताछ में अकबर खान ने बताया कि यह एमडी उसने बदरू उर्फ पीर मोहम्मद पिता अहमद पटेल निवासी बागलिया से प्राप्त किया था, जिसे नयुम पिता नमरोज खान पठान निवासी कोटड़ी को देने जा रहा था। आरोपी से बिना किसी वैध अनुज्ञापत्र के मादक पदार्थ परिवहन करने पर एमडी और मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना हथुनिया पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रकरण की जांच थानाधिकारी अरनोद हजारीलाल के सुपुर्द की गई है।तीनों आरोपियों पर पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या प्रयास व अन्य गंभीर अपराधों के कई प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई में विशेष भूमिका –पन्नालाल, सहायक उप निरीक्षक (डीएसटी प्रभारी),विनोद कुमार, (डीएसटी,नरेन्द्र सिंह, (डीएसटी),रमेशचन्द्र, (साइबर सेल प्रतापगढ़)पंकज, (डीएसटी ,संदीप कुमार, (डीएसटी),हेमेन्द्र, (डीएसटी)शामिल थे
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहा और कहा कि मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जिलेभर में सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा।
