ऑपरेशन चक्रव्यूह में अरनोद पुलिस की बड़ी सफलता, 25 हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत थाना अरनोद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने लम्बे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के ईनामी आरोपी नदीम पठान निवासी नौगांव को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार देर रात दबिश देकर आरोपी को उसके घर से दबोचा।
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2025 को थाना अरनोद पुलिस ने नागदेड़ा रोड स्थित मुर्गी फार्म से 1 किलो 650 ग्राम एमडी ड्रग्स, एमडी बनाने में प्रयुक्त केमिकल पाउडर, 161 जिंदा कारतूस, एक पिस्टल और 12 बोर बंदूक बरामद की थी। इस मामले में नदीम पठान नामक आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
थानाधिकारी हजारीलाल मीणा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी ऑपरेशन चक्रव्यूह की बड़ी उपलब्धि है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रेमलाल, हेडकांस्टेबल दिनेशदास, प्रभुराम, देशराज, कांस्टेबल दिनेश कुमार और दिलीप कुमार की विशेष भूमिका रही।
