कोंडागांव/केशकाल, 15 जुलाई 2026 | कोंडागांव जिले की केशकाल पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को 102.060 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, कार और नकदी सहित कुल 61.03 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार (UP 19 X 8771) में ओडिशा से रायपुर की ओर गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर 14 जुलाई की रात केशकाल घाटी के मोड़ क्रमांक-9 पर नाकेबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से भूरे रंग के सेलोटेप से पैक 20 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 102.060 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने वाहन चालक मोहित शर्मा (35 वर्ष) निवासी कासिमपुर खेड़ी, तहसील बड़ौत, थाना रमाला, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 51.03 लाख रुपये, कार की कीमत 10 लाख रुपये तथा 1,200 रुपये नकद जब्त किए गए। कार्रवाई में थाना केशकाल एवं साइबर सेल कोंडागांव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
