छुरिया। थाना छुरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम मुलंचद सिन्हा उर्फ रवि (26 वर्ष) पिता संतोष, निवासी मोहबा (पुलिस चौकी चिखली), थाना कोतवाली जिला राजनांदगांव है। आरोपी के खिलाफ थाना छुरिया में अपराध क्रमांक 42/2026 एवं 75/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
विवेचना के दौरान 16 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टैंड छुरिया के पास कम कीमत में मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुलंचद सिन्हा उर्फ रवि बताया।
आरोपी ने अपने मेमोरेंडम बयान में बताया कि उसने 2 मार्च 2026 को ग्राम बोईरडीह रोड किनारे खड़ी एचएफ डीलक्स (CG 08 U 5793) चोरी की थी, जिसे पेट्रोल खत्म होने पर छुरिया-चिचोला रोड स्थित बापुटीला चौक के पास पेड़ के नीचे छोड़ दिया था। इसके अलावा 5 अप्रैल 2026 को चंदैनिडीह स्थित शासकीय शराब भट्टी के सामने खड़ी दूसरी एचएफ डीलक्स (CG 08 AF 1062) चोरी की थी, जिसे पेट्रोल खत्म होने पर गौरी नाला पुलिया के पास झाड़ियों में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिलों को बरामद कर जब्त किया और विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, सहायक उप निरीक्षक उदय सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक मनोज कुमार साहू, आरक्षक देवीलाल साहू एवं फूलेन्द्र राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
