रायगढ़ में फिर भालू का हमला, 65 वर्षीय ग्रामीण घायल

जामगांव सर्किल में तीन दिन में दूसरी घटना, ग्रामीणों में दहशत

रायगढ़-जिले में भालू का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जामगांव सर्किल के देवबहाल निवासी सुखराम राठिया (65 वर्ष) अपने साथी के साथ अड़बहाल और झारगुड़ा के बीच स्थित बंजारी मंदिर में पैदल पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कक्ष क्रमांक 952 पीएफ के जंगल किनारे रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।

भालू ने पहले उनकी छाती और फिर पीठ पर जोरदार पंजा मारा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी की चीख-पुकार सुनकर भालू जंगल की ओर भाग गया। घायल सुखराम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

तीन दिन में दूसरा हमला

यह घटना तीन दिनों में दूसरी बार हुई है। इससे पहले बुधवार को बलभद्रपुर में खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर भी भालू ने हमला कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीण भयभीत हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त और सुरक्षा बढ़ाई जाए ताकि लोगों की जान-माल सुरक्षित रहे।

Related Post