Anp News ट्रक चालकों से वसूली और मारपीट करने वाला बदमाश पुलिस गिरफ्त में

Anp News Live Bilaspur बिल्हा पुलिस ने क्षेत्र में अवैध उगाही, मारपीट और दहशत फैलाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर ट्रक चालकों से जबरन वसूली करने, पैसे नहीं देने पर मारपीट करने और शासन-प्रशासन को चुनौती देने के आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे (44 वर्ष) निवासी कनेरी, थाना चकरभाठा के रूप में हुई है। आरोपी क्षेत्र का आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

मामले की शिकायत वार्ड क्रमांक 12 बिल्हा निवासी महेश शर्मा ने दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 16 जून को आरोपी अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर क्रेशर में कार्यरत ट्रक चालकों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांग रहा था। विरोध करने पर ट्रक चालक पुन्नू यादव और मोनू राजपाल के साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

आरोप है कि आरोपी ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहा था और रॉयल्टी जांच के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था। साथ ही यह भी कह रहा था कि "शासन-प्रशासन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता" और क्रेशर में चलने वाले वाहनों को उसकी अनुमति के बिना नहीं जाने दिया जाएगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ अवैध उगाही और मारपीट की बात स्वीकार की।

पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post