Anp News आपसी सहमति से निपटेंगे सुप्रीम कोर्ट के मामले, कोरबा में प्री-सिटिंग शुरू

Anp news live Korba न्याय को आम लोगों तक सरल और सुलभ तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से भारत का सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है, जबकि विशेष लोक अदालत का आयोजन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से निराकरण किया जाएगा।

इसी क्रम में कोरबा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समिति के मध्यस्थता केंद्र में प्री-सिटिंग सुलह बैठकों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इन बैठकों में पक्षकारों और अधिवक्ताओं को शामिल कर आपसी बातचीत और समझौते के जरिए विवादों का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के निर्देशन में गठित न्यायाधीशों की समिति द्वारा यह सुलह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पक्षकारों को व्यक्तिगत रूप से अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल कर सुलह-वार्ता कराई जा रही है।

आज आयोजित प्री-सिटिंग बैठक में श्रीमती गरिमा शर्मा, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कोरबा तथा श्रीमती ममता भोजवानी, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कोरबा ने उपस्थित पक्षकारों के बीच आपसी सुलह-वार्ता का प्रयास किया। न्यायाधीशों द्वारा पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने और राजीनामे के आधार पर मामलों के निराकरण हेतु सुझाव भी दिए गए।

समाधान समारोह 2026 का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को सरल, त्वरित और सौहार्दपूर्ण बनाना है, ताकि लंबे समय से लंबित मामलों का समाधान आपसी समझौते के जरिए किया जा सके।

Related Post