Anp news पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत, अंडर-18 एशिया कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

Anp News Live अंडर-18 हॉकी एशिया कप के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। एक समय मैच में पिछड़ रही भारतीय टीम ने आखिरी क्वार्टर में जोरदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिया।

भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी आशीष पूर्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले 4 गोल दागे और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनके दमदार खेल की बदौलत भारत ने हार के मुहाने से जीत छीन ली। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आशीष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच की शुरुआत भारत के लिए शानदार रही। 12वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को आशीष पूर्ति ने गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। हालांकि दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने दो और गोल कर 3-2 की बढ़त हासिल कर ली, जिससे भारतीय टीम दबाव में आ गई।

लेकिन अंतिम 15 मिनट में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। आशीष पूर्ति ने लगातार तीन गोल दागकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वहीं एक गोल शाहरुख अली ने किया। 56वें मिनट में आशीष ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को निर्णायक बढ़त दिलाई, जिसे पाकिस्तान अंत तक नहीं तोड़ सका।

अब फाइनल में भारत का मुकाबला जापान से होगा। जापान ने पहले सेमीफाइनल में मलेशिया को 8-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। दिलचस्प बात यह है कि ग्रुप चरण में जापान ने भारत को हराया था, ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

भारतीय टीम की इस शानदार जीत से देशभर के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और अब सभी की नजरें एशिया कप के खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी। 

Related Post