बालको में राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

 Anp News Live Korba भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में कंपनी के कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह का शुभारंभ बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री राजेश सिंह द्वारा प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।

राष्ट्र निर्माण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री राजेश सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका को याद करने और जिम्मेदारियों के प्रति नए संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि बालको की छह दशक से अधिक की यात्रा देश के औद्योगिक विकास में योगदान से जुड़ी रही है।

उन्होंने सुरक्षा, गुणवत्ता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास को कंपनी की प्रमुख प्राथमिकताएं बताते हुए कर्मचारियों से सुरक्षित तरीके से कार्य करने, लगातार सीखने और नए विचारों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बालको की प्रगति के साथ प्रत्येक कर्मचारी का प्रयास देश के विकास में भी योगदान देता है।

बालको समाचार’ की शुरुआत

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘बालको समाचार’ का भी शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से कोरबा, गेवरा, कुसमुंडा, कटघोरा, दीपका और आसपास के क्षेत्रों में कंपनी की गतिविधियों, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी पहुंचाई जाएगी।

समारोह के दौरान बालको की विकास यात्रा और राष्ट्र निर्माण में कंपनी के योगदान पर आधारित एक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हाल

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री राजेश सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों ने बालको अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान मरीजों को फल वितरित किए गए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य चिकित्सा कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

विकसित भारत के निर्माण का संकल्प

बालको का स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रीय गौरव, सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स ने सुरक्षित, नवाचारपूर्ण और जिम्मेदार कार्य संस्कृति के साथ ‘विकसित भारत’ के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प दोहराया।

 

Related Post