Anp News Live Janjgir Champa दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 18 अगस्त को चांपा रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टिकट जांच कर्मचारियों की टीम शामिल रही। टीम ने चांपा स्टेशन के साथ-साथ स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में भी सघन टिकट जांच की।
269 मामलों में हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान कुल 269 मामले सामने आए, जिनमें रेलवे नियमों के उल्लंघन पर कुल 1,86,225 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आंकड़ों के अनुसार—
202 बिना टिकट यात्रा के मामलों में 1,54,840 रुपये जुर्माना वसूला गया।
40 अनियमित टिकट के मामलों में 28,585 रुपये की कार्रवाई हुई।
27 बिना बुक किए गए लगेज के मामलों में 2,800 रुपये जुर्माना वसूला गया।
रेलवे की टीम ने चांपा स्टेशन से गुजरने वाली 12 ट्रेनों में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने और रेलवे के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपना उचित और वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए आवश्यकतानुसार प्लेटफॉर्म टिकट लेने की भी सलाह दी गई है।
रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी नहीं फैलाने तथा धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचने का आग्रह किया है। रेल प्रशासन का कहना है कि रेलवे सार्वजनिक संपत्ति है और इसकी सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित संचालन में यात्रियों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
टिकट लेकर यात्रा करें, रेलवे नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा में सहयोग दें।
