Anp News Live Janjgir-Champa चांपा रेलवे स्टेशन के बाहर सो रहे एक युवक का मोबाइल चोरी करने वाले सूचीबद्ध गुंडा बदमाश को चांपा पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 24,499 रुपये कीमत का वीवो मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार उरगा थाना क्षेत्र के फरसवानी निवासी रोशन विश्वकर्मा ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रायगढ़ से ट्रेन से चांपा पहुंचा था। देर रात होने के कारण वह रेलवे स्टेशन के बाहर बैठा-बैठा सो गया। सुबह करीब 4 बजे एक व्यक्ति ने उसे उठाकर वहां से जाने को कहा। इसके बाद जब उसने अपनी जेब की जांच की तो मोबाइल गायब मिला।
शिकायत मिलते ही चांपा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध की पहचान जितेन्द्र नायक उर्फ जीतू के रूप में हुई, जो थाना चांपा का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने रेलवे स्टेशन पर सो रहे युवक का मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया वीवो मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, सउनि बलवंत धृतलहरे, प्रउनि निकिता साहू, प्रउनि रूकसाना बानो एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
