Anp News Live Bilaspur दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोकोमोटिव अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और संरक्षा मानकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने व्हील पैरामीटर मापन प्रणाली, ट्रैक्शन मोटरों के अनुरक्षण, न्यूमैटिक एवं विद्युत उपकरणों के रखरखाव सहित विभिन्न तकनीकी कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने इलेक्ट्रिक लोको शेड में विकसित ई-70 ब्रेक टेस्ट बेंच, 500 सीएफएम क्षमता के आधुनिक औद्योगिक एयर कम्प्रेसर तथा रबर, वार्निश एवं बेयरिंग के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्मित वातानुकूलित एवं विशेष डार्क स्टोरेज कक्ष का उद्घाटन भी किया।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के कौशल विकास, उपलब्ध मानव संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा अन्य लोको शेडों की श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को अपनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने रेल इंजनों की विफलता को कम करने और अनुरक्षण कार्यों में आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।
लोको शेड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को यहां संचालित विभिन्न अनुरक्षण गतिविधियों, तकनीकी नवाचारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर द्वारा किए जा रहे नवाचारों और उत्कृष्ट अनुरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संरक्षा, गुणवत्ता और विश्वसनीयता भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं, जिन्हें तकनीकी उन्नयन और निरंतर सुधार के माध्यम से और मजबूत किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर आर.के. चौधरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी आदित्य कुमार, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
