Anp News Live Janjgir-Champa अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 किलोग्राम गांजा तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं CSP योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
23 जून 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम धुरकोट के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम घसियाराम साहू, निवासी शिवरीनारायण बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, आरक्षक सुनील सूर्यवंशी, दुर्गेश राठौर, दिलीप सिंह एवं विनोद राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
