Anp News बस्तर में इतिहास रचेगी मध्य क्षेत्रीय परिषद, सुरक्षा और विकास पर होगा मंथन

 बस्तर पहली बार देश की एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय प्रशासनिक बैठक का साक्षी बनने जा रहा है। 19 मई 2026 को जगदलपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। इस ऐतिहासिक बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे, जिससे बस्तर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर को बस्तर के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह दिन क्षेत्र के इतिहास में एक नई पहचान लेकर आएगा। बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे मोहन यादव और पुष्कर सिंह धामी का मुख्यमंत्री श्री साय ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न समसामयिक और विकासात्मक मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा भी हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कभी नक्सली हिंसा की चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर अब शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बनकर उभर रहा है। ऐसे समय में देश के वरिष्ठ नेतृत्व और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी बस्तर के बदलते स्वरूप और यहां बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक अंतरराज्यीय समन्वय को नई मजबूती देगी और सुरक्षा, विकास तथा प्रशासनिक सहयोग के नए रास्ते खोलेगी। साथ ही विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण में यह बैठक ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी।

जगदलपुर में आयोजित होने जा रही इस बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। बस्तर में पहली बार इतने बड़े स्तर की बैठक आयोजित होने से स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल है और इसे क्षेत्र के लिए एक बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है।

Related Post