Anp News Live Janjgir-Champa चांपा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई करीब 6 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार भी बरामद कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में की गई।
सिरहाने रखी चाबी उठाकर चुराई कार
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मिर्जा अफजल बेग, निवासी चांपा ने 23 जून 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित एक चखना दुकान की देखरेख करते हैं। घटना की रात उन्होंने अपनी ब्रेजा कार (CG 11 BS 5141) दुकान के बाहर खड़ी की थी और दुकान के अंदर सो गए थे।
सुबह जब उनकी नींद खुली तो सिरहाने रखी कार की चाबी और वाहन दोनों गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज ने खोला राज
प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते और कार के पास आते-जाते दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान कन्हैया कश्यप (26 वर्ष), निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में हुई।
साइबर ट्रैकिंग से हथनेवरा फोरलेन में दबोचा गया आरोपी
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की मदद से तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को हथनेवरा फोरलेन के पास से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी गई ब्रेजा कार बरामद कर जब्त कर ली गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे 24 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे, आरक्षक प्रदीप दुबे, शहबाज अहमद, माखन साहू एवं पद्मराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
