Anp news राजनांदगांव स्टेशन पर बड़ा खुलासा: संदिग्ध के बैग से 123 मोबाइल और कीमती सामान बरामद

Anp News Live Rajnandgaow दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन रेल प्रहरी" के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन परिसर में एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके कब्जे से 123 मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के दक्षिणी छोर स्थित बुकिंग काउंटर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर घूमता दिखाई दिया। पुलिस और आरपीएफ की टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम जुलियस खान निवासी पूर्वी मेदनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया। उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसे आरपीएफ पोस्ट लाया गया और बैग की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान बैग से 70 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 53 कीपैड मोबाइल फोन, चांदी के पायल, कंगन तथा अन्य कीमती सामान बरामद हुआ। बरामद सामग्री के संबंध में युवक कोई वैध दस्तावेज, बिल या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान वह लगातार भ्रामक जानकारी देता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने संदिग्ध व्यक्ति और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना राजनांदगांव के सुपुर्द कर दिया है। स्थानीय पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और बरामद सामान के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, ट्रेन या रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ, रेलवे कर्मचारियों या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत की गई इस कार्रवाई को रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Related Post