Anp news कोरबा में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, चैन माउंटेन से हाइवा तक सब जब्त

Anp news live Korba जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दूसरे दिन भी ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रही। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध रूप से रेत, गिट्टी, मिट्टी और मुरुम के उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए कुल 16 वाहन और मशीनों को जप्त किया गया। इनमें 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 1 टीपर शामिल हैं।

खनिज विभाग की टीम ने जिले के कई संवेदनशील क्षेत्रों में सुबह से लेकर देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना अनुमति खनिजों के उत्खनन और परिवहन करते पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना और जांच चौकियों की अभिरक्षा में रखा गया।

कार्रवाई के तहत बरमपुर क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। वहीं सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहनों को जप्त कर सर्वमंगला चौकी की अभिरक्षा में रखा गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन वाहनों के पास परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए।

इसी प्रकार राताखार क्षेत्र में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक टीपर पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन बिना वैधानिक अनुमति के मिट्टी परिवहन कर रहा था। खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।

सबसे बड़ी कार्रवाई जरहा जेल बरमपुर क्षेत्र में देखने को मिली, जहां बसाहट समतलीकरण के नाम पर बिना अनुमति मिट्टी का उत्खनन और परिवहन कराया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने कार्रवाई करते हुए चार चैन माउंटेन मशीनों को जप्त कर सील कर दिया। विभाग के अनुसार उत्खनन कार्य के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

इसके अलावा गेवरा बस्ती क्षेत्र में मुरुम का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टरों को जप्त कर कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया। नरईबोध क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे से ईंट का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। वहीं इंदलभाटा तरदा क्षेत्र में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक अन्य ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई की गई।

उरगा क्षेत्र में भी खनिज विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त एक चैन माउंटेन और तीन हाइवा वाहनों को जप्त कर सील किया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों और राजस्व नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है।

प्रशासन का कहना है कि अवैध उत्खनन न केवल शासन को राजस्व की हानि पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। बिना अनुमति खनन और परिवहन से सड़कें खराब होती हैं, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरणीय असंतुलन पैदा होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में व्यापक स्तर पर जांच और कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी जानकारी तत्काल प्रशासन या खनिज विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

कोरबा जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाया जा रहा यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

Related Post