Anp News Live Bilaspur सरकंडा पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 महंगे स्मार्टफोन, कीमती घड़ियां और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस को यह सफलता मिली। पहले मामले में जोरापारा निवासी तारकेश्वर साहू के घर से दो मोबाइल, दो घड़ियां और नकदी चोरी हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नूतन चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी निखिल सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।
वहीं दूसरे मामले में अशोक नगर निवासी रामनारायण मिंज के घर से मोबाइल चोरी की शिकायत पर पुलिस ने महेश मानिकपुरी उर्फ सोनू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग क्षेत्रों में सूने मकानों और मजदूरों के कमरों से सिलसिलेवार तरीके से नौ महंगे मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सभी मोबाइल बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होगा।
