Anp news live korba जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर 14 वाहनों को जब्त किया।
विशेष अभियान के दौरान सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री और धवईपुर क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन की जांच की गई।

जांच के दौरान कई स्थानों पर अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन करते वाहन पकड़े गए। कार्रवाई में एक चौन माउंटेन मशीन, 9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा और 2 टीपर सहित कुल 14 वाहनों को जब्त किया गया।
जब्त वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री और बांकीमोगरा थाना सहित खनिज जांच नाका उरगा में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
