महराजगंज: अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 268 लीटर ईंधन जब्त
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर जनपद में आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने आज विकास खंड फरेन्दा के विश्रामपुर चौराहा, सिधवारी क्षेत्र में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (प्रथम) एवं पूर्ति निरीक्षक फरेन्दा ने पुलिस बल की मौजूदगी में एक किराना दुकान की जांच की। जांच में दुकान से अवैध रूप से भंडारित कुल 146 लीटर पेट्रोल एवं 122 लीटर डीजल बरामद किया गया।
मौके पर मौजूद दुकान संचालिका तान्या जायसवाल पेट्रोल एवं डीजल के भंडारण और विक्रय से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। जांच में यह भी सामने आया कि ईंधन को विभिन्न गैलनों, डिब्बों और पानी की बोतलों में संग्रहित कर ऊंचे दामों पर बिक्री के उद्देश्य से रखा गया था।
पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने लिखित बयान में बिना लाइसेंस पेट्रोल-डीजल के भंडारण एवं बिक्री की बात स्वीकार की है।
प्रशासन ने बरामद 268 लीटर ईंधन को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करते हुए सुरक्षित अभिरक्षा के लिए संबंधित पेट्रोल पंप को सुपुर्द कर दिया है।
इस मामले में उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल आयल एवं लाइट डीजल आयल (सम्भरण एवं वितरण) आदेश, 1981 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत धारा 3/7 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री के खिलाफ जनपद में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
