इमली की 12 टन बोरियों के नीचे छिपा था 94 किलो गांजा, डोंगरीपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, सारंगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलोग्राम गांजा से भरा एक आयशर ट्रक पकड़ा है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए ट्रक में करीब 12 टन इमली की बोरियां लाद रखी थीं और उनके नीचे गांजा छिपाया गया था। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 24.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में डोंगरीपाली थाना पुलिस ने 29 जून को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित डोंगरीपाली मोड़ पर घेराबंदी की। ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

 

प्रारंभिक जांच में ट्रक इमली की बोरियों से भरा दिखाई दिया, लेकिन गहन तलाशी के दौरान बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया 94 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 9.40 लाख रुपये आंकी गई है।

 

झारखंड और मध्य प्रदेश के आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस ने ट्रक चालक जगत मोदक (52), निवासी धनबाद, झारखंड तथा खलासी सुनील बर्मा (40), निवासी नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का आयशर ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत करीब 24.40 लाख रुपये बताई गई है।

 

दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरीपाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के नेतृत्व में सउनि छोटे लाल सिदार, प्रधान आरक्षक गजानंद पटेल, आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, सुदर्शन राणा, गोपी सिदार, किरन यादव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post