कोण्डागांव, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय के विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया।
सांसद भोजराज नाग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, बस्तर फाइटर्स, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हिरासिंह मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने बस्तर की लोक कला एवं संस्कृति के साथ देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं और नृत्यों को मंच पर जीवंत किया। आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों में उत्साह और देशभक्ति का संचार किया।
