ANP NEWS LIVE Janjgir Champa रक्षाबंधन पर्व के दौरान चांपा के रामबांधा तालाब के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पैशन प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवव्रत मन्नेवार (31 वर्ष) निवासी सुखरी खुर्द, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
तालाब के पास खड़ी बाइक हुई थी चोरी
प्रार्थी रविन्द्र कुमार देवांगन, निवासी ग्राम खिसोरा, थाना बलौदा ने चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वह 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर फरसवानी गया था। वापस लौटते समय रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसने रामबांधा तालाब के पास अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी।
कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 455/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बाइक बेचने की फिराक में पहुंचा पुलिस के हत्थे
विवेचना के दौरान चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तहसील रोड के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी से वाहन के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से चोरी की पैशन प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BS 9837 बरामद कर ली गई।
बरामद वाहन की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, आरक्षक गौरीशंकर राय एवं रघुवीर यादव सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चांपा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात के बाद वाहन को जल्द बरामद करने में सफलता मिली है।
