शादी की रस्म बनी रणभूमि: चुलमाटी में खूनी बवाल, 5 आरोपी गिरफ्तार

Anp News Live, Janjgir- Champa, शादी के चुलमाटी कार्यक्रम में खुशियों का माहौल उस वक्त तनाव में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम जेवरा में हुए इस घटनाक्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महेश कश्यप द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि 26 अप्रैल 2026 की रात वह गांव में आयोजित शादी के चुलमाटी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात लगभग 11:10 बजे नेतराम कश्यप के घर के पास पहुंचने पर कुछ लोगों ने अपमानजनक बातें करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और फरसा से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे प्रार्थी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 139/26 के तहत धारा 191(2), 191(3), 296, 115(2), 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकुमार कश्यप (38 वर्ष), राजकुमार कश्यप (39 वर्ष), प्रेमलाल कश्यप (29 वर्ष), अरुण कुमार कश्यप (27 वर्ष) एवं लाला उर्फ मेघनाथ कश्यप (26 वर्ष) सभी निवासी ग्राम जेवरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फरसा और डंडे भी बरामद किए गए हैं।

पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार महार, हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक राजमणी द्विवेदी एवं आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गांव में शांति बहाल, आरोपियों को भेजा गया जेल — कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन सख्त नजर आ रहा है।

Related Post