कोंडागांव, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के कोंडागांव जिले के अंतिम छोर में स्थित दूरस्थ गांवों में भी तिरंगा शान से लहराया।
ग्राम पंचायत तुमड़ीवाल सहित तुमड़ीवाल के आश्रित ग्राम बेड़मा, बेचा, कुधुर, गुमियापाल, मांझानार तथा ग्राम पंचायत बेचा के आश्रित ग्राम कीलम् में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कभी नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील और नक्सल गढ़ माने जाने वाले इन इलाकों में स्वतंत्रता दिवस पर ग्रामीणों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति का संदेश दिया। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं वन मंत्री केदार कश्यप के क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों से मुक्ति के बाद अब ग्रामीणों में भय का माहौल कम हुआ है और क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचने से लोगों में विश्वास बढ़ा है।

कभी जहां तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, वहीं आज इन गांवों में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन शांति और उत्साह के साथ होना बदलाव की बड़ी तस्वीर प्रस्तुत करता है।
