छुरिया। जनपद पंचायत छुरिया के वनांचल क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी रोशन सेवता ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर एमबीबीएस में चयन प्राप्त किया है। रोशन की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी एवं गर्व का माहौल है।
रोशन के एमबीबीएस में चयन होने की जानकारी मिलने पर जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने उनके घर पहुंचकर रोशन एवं उनके परिजनों से मुलाकात की और इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनपद सदस्य श्रीमती राधिका चन्द्रवंशी, राजेश्वर ध्रुवे प्राधिकृत अधिकारी, नैनसिंह पटेल एवं शत्रुहान चन्द्रवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बातचीत के दौरान रोशन के पिता दीनदयाल सेवता ने बताया कि रोशन जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र रहे हैं। उन्होंने हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद नीट की तैयारी की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर एमबीबीएस में चयन प्राप्त किया। रोशन के माता-पिता दैनिक मजदूरी का कार्य करते हैं। सीमित आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद रोशन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि रोशन की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस में चयन केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। इस उपलब्धि के पीछे रोशन की मेहनत के साथ उनके माता-पिता का त्याग और गुरुजनों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण है।
संजय सिन्हा ने रोशन का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। भविष्य में जब कोई जरूरतमंद मरीज उनके पास आए, तो चिकित्सा ज्ञान के साथ उनका व्यवहार, संवेदना और सेवा भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने रोशन को मेहनत और ईमानदारी के साथ अपनी पढ़ाई पूरी कर एक कुशल, संवेदनशील एवं सेवाभावी डॉक्टर बनने की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि रोशन की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थी भी मेहनत एवं लगन से बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं। रोशन ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिखाया है।
इस अवसर पर ललित साहू सरपंच प्रतिनिधि, कुंदन बड़ोले, चिंताराम राम सेवता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
