तमनार हिंसा मामला: महिला आरक्षक पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

रायगढ़ /तमनार क्षेत्र में हुई हिंसा के दौरान महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला, मारपीट और वर्दी फाड़ने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सिग्नल चैक लाकर जुलूस निकाला गया और बाद में न्यायालय में पेश किया गया।

मुख्य आरोपी चित्रसेन साव गिरफ्त में

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रकरण में छठवें और मुख्य आरोपी चित्रसेन साव निवासी झरना को आज शाम करीब 4:30 बजे गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। इससे पहले पुलिस इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

हेमू कालानी चैक में निकाला गया जुलूस

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का हेमू कालानी चैक में जुलूस निकाला गया, जहां उसे जूते-चप्पल की माला पहनाई गई। इस दौरान आरोपी रास्ते भर कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगता रहा।

महिला पुलिस ने जताई खुशी

कार्रवाई के बाद महिला पुलिस कर्मियों ने केक काटकर और पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की। उनका कहना था कि महिला के साथ हुई बर्बरता का आरोपी पकड़े जाने से न्याय की जीत हुई है।

थाना प्रभारी का बयान

घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि महिला आरक्षक की वर्दी फाड़ने वाले मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को गिरफ्तार कर रिमांड में लिया गया है और न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

महिला थाना प्रभारी का भरोसा कानून पर

महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर ने कहा कि विभाग की सभी महिलाएं आज बहुत खुश हैं क्योंकि आरोपी पकड़ा गया है। उन्हें कानून व्यवस्था पर पूरा विश्वास है कि आरोपी को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ गलत करने वालों को सजा मिलनी ही चाहिए।

Related Post