SAGES जामकोटपारा में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित, हेड बॉय-हेड गर्ल सहित छात्र परिषद ने संभाली जिम्मेदारी

कोण्डागांव, 16 जुलाई 2026 | स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES), जामकोटपारा में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर भव्य 'शपथ ग्रहण समारोह' (Investiture Ceremony) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रूबी भट्टाचार्य के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना था।

Uploaded Image

लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुने गए आदर्श झा को विद्यालय का हेड बॉय तथा भूमिका मरकाम को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। दोनों छात्र नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही कक्षा 1 से 12वीं तक के नवनिर्वाचित क्लास मॉनिटर्स को भी आधिकारिक बैज प्रदान कर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।

 

इस अवसर पर प्राचार्य रूबी भट्टाचार्य ने सभी छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने सभी छात्र नेताओं से निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनने का आह्वान किया।

 

समारोह के अंत में नवनियुक्त छात्र परिषद ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Related Post