बेटे ने ही ले ली पिता की जान घरेलू विवाद बना खौफनाक वारदात

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप लेते हुए एक पिता की जान ले ली। इस सनसनीखेज घटना में आरोपी कोई और नहीं, बल्कि खुद मृतक का नाबालिग पुत्र निकला, जिसे पुलिस ने विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय मृतक का अपने पुत्र के साथ घरेलू बातों और पैसों को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बालक ने अपने पिता पर ईंट और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में पिता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय कोरबा ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 7 अप्रैल 2026 को उनकी मौत हो गई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए 28 अप्रैल 2026 को थाना उरगा में अपराध क्रमांक 257/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी बालक को 29 अप्रैल 2026 को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

यह घटना पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों की एक गंभीर चेतावनी है। छोटी-छोटी बातों से शुरू हुआ विवाद किस तरह एक जघन्य अपराध में बदल सकता है, यह मामला उसी का उदाहरण है।

Related Post