पहंदा शिविर में जनता को राहत, मौके पर ही सुलझीं 169 समस्याएं

Anp News Live Pahanda सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड कोरबा के क्लस्टर ग्राम पंचायत पहंदा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता कलमेश अनंत, जनपद पंचायत अध्यक्ष बिजमोती राठिया, जनपद सदस्य अनिल खुंटे, किशन कोसले, विजय पटेल, विधायक प्रतिनिधि आशीष गंगोली एवं दशरथ सिंह खड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत पहंदा की सरपंच संगीता सिंह कंवर ने की।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया। एनआरएलएम बिहान योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली “लखपति दीदी” अंजनी कंवर, बबीता और रेशम रात्रे को सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पंचायत विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को जॉब कार्ड और 23 लोगों को राशन कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग की शाकम्भरी योजना के तहत दो किसानों को सिंचाई पंप प्रदान किए गए। वहीं राजस्व विभाग द्वारा एक जाति प्रमाण पत्र और छह डिजिटल किसान किताबें वितरित की गईं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबी और प्रशस्ति पत्र दिए गए। समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग हितग्राही को व्हीलचेयर प्रदान की, जबकि मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत 43 हितग्राहियों को स्वीकृति दी गई।

शिविर में कुल 497 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 169 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस शिविर में उरगा, पहंदा, पताढ़ी, खोड्डल, मासन, तिलकेजा, कुकरीचोली, बरीडीह, देवरमाल, कटबितला, सेमीपाली, कुदुरमाल और अखरापाली पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।

मुख्य अतिथियों ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो पाता है। अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Related Post