जनता प्याऊ पहल से आमजन को राहत, सभी थानों पर शीतल जल की व्यवस्था शुरू ।
महराजगंज, । भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए महराजगंज पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए जनपद के सभी थानों और चौकियों पर ‘जनता प्याऊ’ की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य थानों पर आने वाले फरियादियों, राहगीरों, रिक्शा चालकों और मजदूरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है।
रविवार को जनपद के सभी थानों में प्याऊ व्यवस्था चालू कर दी गई। थानों के मुख्य द्वार और फरियादी कक्ष के पास मटके (घड़े) तथा वॉटर कूलर लगाए गए हैं। साथ ही साफ-सफाई, स्वच्छ गिलास और ढके हुए बर्तनों की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को निर्देशित किया है कि पुलिसिंग के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि थानों पर आने वाला कोई भी व्यक्ति या राहगीर प्यासा न रहे।
महराजगंज पुलिस की इस पहल को आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जनसेवा की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
