रामलीला मैदान, नटवर स्कूल और मिनी स्टेडियम में हुआ आयोजन, 50 फीट ऊंचे रावण का दहन
रायगढ़- विजयादशमी पर्व पर रायगढ़ शहर परंपरागत भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। विगत छह दशकों से रामलीला मैदान में हो रहे रामलीला मंचन और रावण दहन की परंपरा इस बार और भी भव्य रही। इस वर्ष शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया गया, जिनमें रामलीला मैदान, नटवर स्कूल और चक्रधर नगर स्थित मिनी स्टेडियम शामिल रहे।
रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम के विजय घोष के साथ 50 फीट ऊंची रावण की विशाल प्रतिमा का दहन किया गया। इस अवसर पर आसमान आतिशबाज़ी की चमक से जगमगा उठा और हजारों की भीड़ ने उत्साह के साथ इस दृश्य का आनंद लिया।
नटवर स्कूल मैदान और मिनी स्टेडियम में भी रावण दहन का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। यहाँ भी भक्तों ने आतिशबाज़ी और पटाखों के बीच रावण, मेघनाथ और कुंभकरण की प्रतिमाओं के दहन का दृश्य देखा। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि – “विगत 60 वर्षों से रामलीला मैदान में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कथा और रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। पीढ़ी दर पीढ़ी इस परंपरा को जीवित रखने का कार्य समिति और नगरवासी मिलकर कर रहे हैं।”
शहर के तीनों स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
विजयादशमी के इस पर्व ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सत्य की सदैव विजय होती है और अधर्म, अहंकार व असत्य का अंत निश्चित है।
