थाना अकलतरा क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना से क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की शिकायत सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 दिसंबर 2025 को तरौद वार्ड क्रमांक-20 में दो व्यक्तियों द्वारा स्थानीय लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही हिंदू धर्म से जुड़े देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की जा रही थीं। सूचना मिलने पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 661/25 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने और पूछताछ में आरोप स्वीकार किए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध धारा 299 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
संजू दांडेकर (उम्र 37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
मोती सिंह (उम्र 39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।
