शौचालय में खुला डाकघर! आदनार में सामुदायिक शौचालय का बदला उपयोग, व्यवस्था पर उठे सवाल

कोण्डागांव, 16 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय से लगभग 33 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत आदनार में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सुविधा और स्वच्छता के लिए बनाए गए सामुदायिक शौचालय भवन का उपयोग अब भारतीय डाक विभाग के पोस्ट ऑफिस के रूप में किया जा रहा है।

 

हैरानी की बात यह है कि जिस भवन का निर्माण ग्रामीणों के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था, उसी भवन के एक कमरे में डाकघर संचालित किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में चर्चा के साथ-साथ व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।

 

ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए शौचालय भवन को इस तरह अन्य कार्य के लिए इस्तेमाल किया जाना उचित है या नहीं, इसकी जांच संबंधित विभाग के अधिकारियों को करनी चाहिए। वहीं, यदि गांव में डाकघर संचालन के लिए उपयुक्त भवन उपलब्ध नहीं है, तो प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करने की पहल करनी चाहिए।

 

अब देखना यह होगा कि सामुदायिक शौचालय में पोस्ट ऑफिस संचालित किए जाने के मामले में संबंधित विभाग और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

Related Post