“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे जिले में सख्ती दिखाई है। इस विशेष अभियान में कुल 428.94 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, वहीं 26 प्रकरण दर्ज कर 28 आरोपियों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में 02 और 03 मई 2026 को जिलेभर के थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी गई। इस दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाकर महुआ शराब की भट्टियों को चिन्हित किया और मौके पर ही उन्हें नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले बर्तन, ड्रम और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल हो रहे टू-व्हीलर वाहनों को भी जब्त किया है। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
